रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। गेहूं की बुवाई के सीजन में यूरिया और डीएपी खाद की किल्लत से किसान परेशान हैं। ग्राम पंचायत आट में कथित तौर पर गुपचुप तरीके से खाद की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मौके पर मीडिया कर्मियों के पहुंचने पर दुकान का शटर बंद कर दिया गया।
किसानों का कहना है कि खाद के लिए उन्हें भटकना पड़ रहा है और लंबी लाइनों में लगने के बावजूद जरूरत के अनुसार खाद नहीं मिल पा रही है। वहीं, दूसरी ओर फुटकर में खाद बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
जिलाधिकारी की ओर से किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए जाने के बावजूद समस्या बने रहने से किसानों में नाराजगी है। किसानों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर खाद की कथित अवैध बिक्री पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
एक किसान ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह अनशन करने के लिए मजबूर होगा।


