•फार्म-06 से नए मतदाताओं का नाम जोड़ें, एक से अधिक स्थानों पर नाम होने पर फार्म-07 भरने के निर्देश।
रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत गुरुवार को लोहिया कला भवन में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव की उपस्थिति में आयोजित प्रशिक्षण में मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी बीएलओ अपने-अपने निर्धारित बूथों पर उपस्थित रहकर पुनरीक्षण अभियान से संबंधित जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने तथा उपलब्ध आंकड़ों को सही ढंग से दर्ज करने पर विशेष जोर दिया।
बीएलओ को मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन करने तथा अपात्र और मृत मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही, मतदाताओं से संबंधित अभिलेखों का उचित रखरखाव करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्यों को पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण में बताया गया कि नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-06 भरा जाएगा। वहीं, एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज होने की स्थिति में नियमानुसार नाम हटाने के लिए फार्म-07 का उपयोग किया जाएगा। अधिकारियों ने बीएलओ को सभी विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज करने तथा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और अभियान को गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नौगढ़ निखिल चक्रवर्ती सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


