•शरद महोत्सव में हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह ने रखा जन्मभूमि का पक्ष, प्रेम मंदिर से इस्कॉन मंदिर तक निकलेगी यात्रा।
वृंदावन (मथुरा)। वृंदावन के पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीकृष्ण कृपा धाम में संत गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित तीन दिवसीय शरद महोत्सव का समापन हुआ। समापन सत्र में श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद प्रकरण के हिंदू पक्षकार एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने श्रद्धालुओं के समक्ष जन्मभूमि से जुड़े ऐतिहासिक पक्ष और न्यायालय में चल रहे मामले की जानकारी रखी।
महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मामले में उन्होंने न्यायालय के समक्ष प्रमाण प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने मूल गर्भगृह स्थल पर भव्य मंदिर निर्माण की इच्छा जताते हुए कहा कि इसके लिए न्यायिक प्रक्रिया के साथ जनसमर्थन जुटाने का प्रयास भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के संरक्षण में साधु-संतों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े अभियान के प्रति अपनी भावना व्यक्त करने की अपील की। उनके आह्वान पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर समर्थन जताया। कार्यक्रम में संत ज्ञानानंद महाराज का आशीर्वाद लेने के साथ महेंद्र प्रताप सिंह ने उनका स्वागत भी किया।
इस अवसर पर भानुपीठ के पीठाधीश्वर, संत विवेक मुनि, भगवताचार्य संजीव कृष्ण शास्त्री, वासुदेव कृष्ण शास्त्री, पूर्णिमा दीदी, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी, फिल्म निर्देशक विजय पाल सिंह और मनोज चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आज प्रेम मंदिर से इस्कॉन मंदिर तक निकलेगी संकल्प दीप ज्योति यात्रा
वृंदावन। शरद पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार, 26 अक्टूबर को शाम छह बजे ‘घर-घर संकल्प दीप जलाओ, श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराओ’ अभियान के तहत संकल्प दीप ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा प्रेम मंदिर से शुरू होकर इस्कॉन मंदिर तक पहुंचेगी। इसमें प्रमुख संत-महात्माओं के शामिल होने की संभावना है।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने श्रद्धालुओं से यात्रा में भाग लेने और अपने घरों में संकल्प दीप जलाकर अभियान से जुड़ने की अपील की है।


