•कुआनो-मनवर नदी के लालगंज संगम पर देर रात हुआ विसर्जन, सुरक्षा व्यवस्था रही मुस्तैद।
कुदरहा (बस्ती)। विकास क्षेत्र कुदरहा में विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का देर रात कुआनो-मनवर नदी के लालगंज संगम पर विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई देकर अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।
विजयदशमी के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़उमड़ी। इसके बाद प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए दुर्गा प्रतिमाओं को निर्धारित मार्गों से गाजे-बाजे के साथ लालगंज संगम तक ले जाया गया। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। वहीं, पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और पूजा समितियों के आपसी सहयोग से प्रतिमा विसर्जन का पारंपरिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान क्षेत्र में आपसी भाईचारे और धार्मिक आस्था का माहौल बना रहा।


