•सनातन संस्कृति, गौ रक्षा और अधिवक्ता हितों के साथ देवेश कुमार सिंह के समर्थन में एकजुटता पर जोर।
प्रयागराज। बार एसोसिएशन इलाहाबाद के चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने वाली उच्च न्यायालय की अधिवक्ता एवं अखिल भारतीय हिंदू महासभा की प्रदेश अध्यक्ष (महिला विधि प्रकोष्ठ) अन्नपूर्णा सिंह चंदेल का संगठन के पदाधिकारियों ने बुधवार को माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र से विधान परिषद प्रत्याशी देवेश कुमार सिंह के समर्थन में भी चर्चा हुई।
देवेश कुमार सिंह के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय संयोजक एवं प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने अन्नपूर्णा सिंह चंदेल को बधाई दी। उन्होंने देवेश कुमार सिंह को भी माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने स्नातक क्षेत्र के मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाने की अपील की।
अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति का संरक्षण, धर्म का उत्थान, गौ रक्षा और अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा संगठन की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ अधिवक्ताओं की समस्याओं को उचित मंच पर उठाना भी जरूरी है। संगठन इन मुद्दों को लेकर निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने देवेश कुमार सिंह के समर्थन में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्नातक क्षेत्र के मतदाताओं की भागीदारी विधान परिषद में क्षेत्र की आवाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में प्रयागराज के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, प्रतापगढ़ के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार पाठक सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन के विस्तार, महिला सशक्तीकरण, सनातन संस्कृति के संरक्षण और अधिवक्ताओं से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। अन्नपूर्णा सिंह चंदेल ने सम्मान के लिए सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


