•एएसपी और सीओ सदर ने मेला क्षेत्र का किया भ्रमण, सड़क के बीच ठेला लगाने वालों को हटाया।
बस्ती। दुर्गा पूजा मेले के दौरान सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बस्ती पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर ने संपूर्ण मेला क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

गश्त के दौरान सड़क के बीचों-बीच ठेला लगाकर आवागमन बाधित करने वालों को हटाया गया। साथ ही, उन्हें दोबारा सड़क पर ठेला न लगाने की चेतावनी दी गई, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संपूर्ण मेला क्षेत्र एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों की निगरानी ड्रोन कैमरे की मदद से की गई। पुलिस अधिकाकरियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना सहित ड्यूटी पर तैनात संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा मेले को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


