•राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सौंपी गई प्रारूप सूची, 26 अक्टूबर तक लिए जाएंगे सुझाव और आपत्तियां।
मथुरा। मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं पुनर्व्यवस्थापन को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में मतदेय स्थलों की प्रारूप सूची प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई, ताकि वे निर्धारित समयसीमा में अपने सुझाव और आपत्तियां प्रस्तुत कर सकें।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया है। इसके तहत मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया दो नवंबर 2026 तक पूरी की जानी है।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के अंतर्गत जर्जर, क्षतिग्रस्त और असुरक्षित भवनों में संचालित मतदेय स्थलों को बदलने, 1200 से अधिक मतदाता होने पर आवश्यकता के अनुसार नए मतदेय स्थल बनाने तथा कम मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों के विलय की कार्यवाही की जानी है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 से 18 अक्टूबर तक मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण और नए मतदेय स्थल स्थापित करने के लिए भवनों का चयन किया गया। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया भी पूरी की गई। सोमवार, 19 अक्टूबर को मतदेय स्थलों की प्रारूप सूची प्रकाशित कर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि 26 अक्टूबर को वर्तमान सांसदों, विधायकों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर विचार कर सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को सभी आवश्यक संलग्नकों सहित मतदेय स्थलों का प्रस्ताव निर्वाचन आयोग के अनुमोदन के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजा जाएगा।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में समाजवादी पार्टी से प्रदीप चौधरी और कृष्ण मुरारी, भारतीय जनता पार्टी से आकाश चौधरी, बहुजन समाज पार्टी से प्रेम प्रकाश और मुनेन्द्र सिंह निगम तथा इंडियन नेशनल कांग्रेस से बलवीर सिंह प्रधान, विष्णु चौधरी और अशोक कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
इसके अलावा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, उप जिलाधिकारी गोवर्धन एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सलोनी गौतम, उप जिलाधिकारी मांट चंद्रभूषण प्रताप, उप जिलाधिकारी सदर मोहित कुमार, उप जिलाधिकारी महावन प्राजक्ता त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी छाता अखिलेश कुमार, डिप्टी कलेक्टर सुशील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रशांत कुमार सुचारी सहित निर्वाचन कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


