कुदरहा/बस्ती। मुख्य विकास अधिकारी बस्ती सार्थक अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को कुदरहा विकास खंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिवपुर एवं उजियानपुर गौशाला, ब्लॉक मुख्यालय तथा पांउ मिनी औद्योगिक क्षेत्र का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दोपहर लगभग एक बजे मुख्य विकास अधिकारी सबसे पहले पांउ स्थित मिनी औद्योगिक क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने संचालित दो औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया तथा शेष खाली भूखंडों का शीघ्र आवंटन पात्र आवेदकों को किए जाने का निर्देश जिला उद्योग विभाग के अधिकारियों को दिया।
इसके बाद उन्होंने शिवपुर एवं उजियानपुर गौशालाओं का निरीक्षण किया। दोनों गौशालाओं में कुल 104 बेसहारा गौवंश संरक्षित पाए गए। भीषण गर्मी को देखते हुए गौवंशों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दोनों गौशालाओं में विद्युत कनेक्शन न होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने खंड विकास अधिकारी आलोक पंकज को विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर तत्काल बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने पशुओं के लिए हरे चारे की मात्रा बढ़ाने, गौसेवकों की संख्या में वृद्धि करने तथा नर, मादा एवं छोटे पशुओं के लिए अलग-अलग शेड बनवाने के निर्देश भी दिए।
गौशालाओं के निरीक्षण के बाद मुख्य विकास अधिकारी ब्लॉक मुख्यालय कुदरहा पहुंचे। यहां उन्होंने अभिलेखों का निरीक्षण किया तथा निर्माणाधीन पुस्तकालय के लिए चिन्हित भूमि एवं गिराई गई निर्माण सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त जिला स्तरीय पुस्तकालय का निर्माण कराया जाए।
इसके साथ ही परिसर में संचालित प्रेरणा कैंटीन को और बेहतर बनाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान खंड पशु चिकित्साधिकारी डॉ. फ़ज़ील अहमद, सीएम फेलो आनन्द सोनी, गोरखनाथ यादव सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
