चरमराई बिजली व्यवस्था से नगरवासी परेशान, सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी।

Spread the love

मिश्रिख। कस्बे में इन दिनों विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, जिससे नगरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अघोषित बिजली कटौती और बार-बार हो रही ट्रिपिंग के कारण भीषण गर्मी में लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। स्थिति यह है कि दिन और रात में बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।

स्थानीय नागरिक रामखेलावन, सीताराम, आकाश, राजू सहित अन्य लोगों का कहना है कि लगातार बिजली कटौती से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। वहीं पेयजल आपूर्ति भी बाधित होने से लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

नगरवासियों ने यह भी शिकायत की कि शिकायत दर्ज कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन कई बार फोन रिसीव नहीं किया जाता। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

कस्बेवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर नियमित और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *