गोमती नदी में डूबने से 11 वर्षीय बालक की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।

Spread the love

नैमिषारण्य/सीतापुर। तीर्थनगरी नैमिषारण्य के प्रसिद्ध राजघाट पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में गोमती नदी में स्नान के दौरान 11 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं घाट पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लकड़ियामऊ निवासी सुमित कुमार अपने कुछ साथियों के साथ राजघाट पर स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे नदी से बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैमिषारण्य पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राजघाट पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम न होने पर चिंता जताई। उनका कहना है कि घाट पर न तो जल पुलिस की नियमित तैनाती है, न ही प्रशिक्षित गोताखोर मौजूद रहते हैं। साथ ही सुरक्षा बैरिकेडिंग की भी व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा ने बताया कि राजघाट पर गोताखोरों की स्थायी तैनाती के संबंध में उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *