बस्ती। मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के अंतर्गत जनपद के पशुपालकों को स्वदेशी उन्नत नस्ल की गायों की इकाई स्थापित करने के लिए अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में नन्द बाबा दुग्ध मिशन द्वारा ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
मिशन निदेशक ने बताया कि इच्छुक पशुपालक नन्द बाबा दुग्ध मिशन के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत बाहरी राज्यों से उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं हरियाणा नस्ल के क्रय पर अनुदान दिया जाएगा। महिला दुग्ध उत्पादकों एवं गौपालकों को कुल निर्धारित लक्ष्य का 50 प्रतिशत लाभ प्रदान किया जाएगा। योजना के अनुसार खरीदी जाने वाली गाय प्रथम अथवा द्वितीय ब्यांत की होनी चाहिए।
योजना के अंतर्गत दो गायों की इकाई स्थापित करने की कुल लागत का 40 प्रतिशत, अधिकतम 80 हजार रुपये तक अनुदान के रूप में दिया जाएगा।
मिशन निदेशक ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। योजना का लाभ लेने के इच्छुक पशुपालक अधिक जानकारी के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप दुग्धशाला विकास अधिकारी अथवा मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।