रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। समाजवादी पार्टी के नेता गौरव किशनपुरिया एडवोकेट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में सोशल मीडिया पर अदिति यादव के संबंध में कथित रूप से प्रसारित की जा रही भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से गौरव किशनपुरिया ने कहा कि अदिति यादव की छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से साजिशन झूठी खबरें और भ्रामक पोस्ट प्रसारित की जा रही हैं। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा दोषियों पर सख्त दंडात्मक कदम उठाने की मांग की।
छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव बादल राज बंसल ने कहा कि पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर सुनियोजित तरीके से भ्रामक पोस्ट साझा किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य अदिति यादव की सार्वजनिक छवि को धूमिल करना है। उन्होंने इसे न केवल एक परिवार पर हमला बल्कि समाज में बेटियों के सम्मान पर भी आघात बताया। साथ ही दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की।
बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष रमेश सैनी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित दान के उपयोग पर सवाल उठाए जाने के बाद भाजपा असहज दिखाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि इसी के प्रतिकार स्वरूप सोशल मीडिया के माध्यम से अखिलेश यादव की पुत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा की नीतियों पर भी सवाल उठाए।
समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव गौरव पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी बेटियों के सम्मान के मुद्दे पर किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस अवसर पर बादल राज बंसल, गौरव पांडे, अभिषेक यादव, रमेश सैनी, सोनू यादव, सीमा करण, सुरेश यादव, संजय समाजवादी, पूर्वी अग्रवाल, ललित मोहन स्वरूप शर्मा एडवोकेट, डेविड प्रजापति एडवोकेट, रुपेश यादव एडवोकेट, गोवर्धन सिंह यादव एडवोकेट, महेश उपाध्याय एडवोकेट, दीनदयाल पचौरी, दिगंबर सिंह, राज गब्बर, अंशु यादव एडवोकेट, प्रेमचंद एडवोकेट, प्रीतम निषाद, ऋषि पाराशर, नितिन सैनी एडवोकेट, प्रशांत एडवोकेट, मोनू यादव, मुकेश पहलवान, रमेश पचौरी एडवोकेट, जावेद कुरैशी एडवोकेट, विनोद यादव एडवोकेट, सुनील चौधरी एडवोकेट, देवेंद्र यादव एडवोकेट, मंगल यादव एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।