मिश्रिख में युवक से मारपीट कर जेवरात व नकदी ले जाने का आरोप, पुलिस को मामला संदिग्ध लगा।

Spread the love

मिश्रिख (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चंद्रूपुर में गुरुवार देर रात एक युवक के साथ मारपीट कर घर में रखे जेवरात और नकदी ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला चंद्रूपुर निवासी रामबक्स पुत्र द्वारिका किसी रिश्तेदारी में गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी और पुत्र राहुल मौजूद थे। राहुल का आरोप है कि देर रात करीब तीन बजे वह बाथरूम जाने के लिए उठा था। इसी दौरान घर में पहले से मौजूद तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसे पकड़ लिया और जबरन एक कमरे में ले गए।

पीड़ित युवक के अनुसार आरोपितों ने उससे घर में रखे जेवरात और नकदी के बारे में पूछताछ की। उसने पहले बक्से में रखा कुछ सामान उन्हें दे दिया, लेकिन आरोपित अधिक सामान की मांग करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। भयवश उसने घर में रखे अन्य जेवरात और नकदी भी उन्हें सौंप दी।

राहुल ने बताया कि आरोपित चार सोने के कंगन, एक हार, झाला, मांगबेंदी, चांदी की पायल सहित करीब दो से चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। उसका कहना है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित घर की छत के रास्ते भाग निकले।

घटना के बाद राहुल ने अपनी मां को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार और मोहल्ले के लोगों को मामले की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई और पीड़ित पक्ष से पूछताछ की। परिवार ने कोतवाली में लिखित शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *