सुल्तानपुर। विकास खंड लंभुआ की ग्राम पंचायत शिवगढ़ में मनरेगा कार्यों में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि हुई है। शिकायतकर्ता अरविंद कुमार सिंह की शिकायत पर भूमि संरक्षण अधिकारी द्वारा कराई गई जांच में 10 लाख से अधिक सरकारी धन के दुरुपयोग के कई मामले सामने आए हैं। दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों से एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
जांच में पाया गया कि ग्राम प्रधान सूरज साहू के कार्यकाल में उनके नाबालिग चचेरे भाई के नाम से फर्जी जॉब कार्ड बनवाकर भुगतान कराया गया। इसके अलावा वर्क आईडी बदलकर सरोवर निर्माण के नाम पर धनराशि का भुगतान, बिना कार्य के खर्च दिखाना, पहले से कराए गए मिट्टी कार्य पर दोबारा भुगतान और रसोइया के नाम मनरेगा मजदूर दर्शाकर भुगतान करने जैसी अनियमितताएं सामने आई हैं।
जांच रिपोर्ट में ग्राम प्रधान सूरज साहू, ग्राम पंचायत अधिकारियों, ग्राम विकास अधिकारी और तकनीकी सहायकों समेत छह लोगों को विभिन्न मामलों में उत्तरदायी माना गया है। रिपोर्ट में संबंधित लोगों से धनराशि की वसूली की संस्तुति की गई है।
खंड विकास अधिकारी नीलिमा गुप्ता ने बताया कि उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है और उनके निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।