रिपोर्ट: विजय नागपाल।
बलदेव। नगर की प्रतिभाशाली छात्रा रिया पांडेय ने पहली ही कोशिश में आईसीएआई (इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया) की प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) फाइनल परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से परिवार, रिश्तेदारों, शिक्षकों तथा नगरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। सफलता की सूचना मिलते ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया।
रिया पांडेय पुत्री सोनदेव पांडेय निवासी बलदेव शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों एवं निरंतर कठिन परिश्रम को दिया है। रिया ने बताया कि सीए जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए उन्होंने नियमित रूप से प्रतिदिन 14 से 15 घंटे तक अध्ययन किया।
उन्होंने यह भी बताया कि पढ़ाई के दौरान उन्होंने मोबाइल फोन और अन्य अनावश्यक गतिविधियों से दूरी बनाए रखी तथा पूरी एकाग्रता के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित किया।
शैक्षिक उपलब्धियों की बात करें तो रिया ने हाईस्कूल परीक्षा में 97 प्रतिशत तथा इंटरमीडिएट परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक एवं स्कूली शिक्षा बलदेव पब्लिक स्कूल, बलदेव से ग्रहण की। बचपन से ही उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन उन्हें अन्य विद्यार्थियों से अलग पहचान दिलाती रही है।
रिया की सफलता पर परिजनों में उत्साह का माहौल है। पिता सोनदेव पांडेय ने बताया इसे वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया। नगर के गणमान्य लोगों ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि रिया की सफलता क्षेत्र के युवाओं और छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
रिया पांडेय को बधाई देने वालों में राजाराम पांडेय (पूर्व चेयरमैन), धर्मेन्द्र पांडेय, गोकुलेश पांडेय, विष्णु शर्मा, सतेंद्र कुमार ,राजेश पांडेय,युवा समाजसेवी सुजीत वर्मा सहित अनेक लोगों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
नगरवासियों ने आशा व्यक्त की है कि रिया पांडेय आगे भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर नई ऊंचाइयों को छूते हुए क्षेत्र, जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।