•सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रमाणिक जानकारी अब डिजिटल माध्यम से होगी उपलब्ध
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
लखनऊ/मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘सूचना प्रवाह’ का शुभारंभ किया है। चैनल का लोकार्पण 18 जून को लोक भवन, लखनऊ में सूचना निदेशक विशाल सिंह एवं अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने किया।
इस अवसर पर निर्माता (फिल्म) अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विभाग के अनुसार ‘सूचना प्रवाह’ के माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण निर्णयों, उपलब्धियों तथा जनहित से जुड़े कार्यक्रमों की प्रमाणिक एवं तथ्यपरक जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा विभाग द्वारा तैयार वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो, सरकारी अभियानों और महत्वपूर्ण आयोजनों का नियमित प्रसारण भी इस मंच पर किया जाएगा।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में ‘सूचना प्रवाह’ सरकार और जनता के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि इस मंच के जरिए नागरिकों को सरकार की योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों की विश्वसनीय जानकारी सरल एवं आकर्षक रूप में उपलब्ध कराई जाएगी।
अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि विभाग आधुनिक तकनीकों को अपनाकर जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘सूचना प्रवाह’ के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा और शासन की जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी अधिक व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचेगी।
विभाग का मानना है कि यह यूट्यूब चैनल शासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं की समयबद्ध एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने का प्रभावी मंच साबित होगा।