कूलिंग प्वाइंट बना दिखावा? भीषण गर्मी में राहत व्यवस्था पर उठे सवाल।

Spread the love

मिश्रित (सीतापुर)। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों और आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद मिश्रित द्वारा तहसील चौराहे पर सीतापुर-हरदोई मार्ग किनारे अस्थायी कूलिंग प्वाइंट बनाया गया है। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह व्यवस्था अपेक्षित राहत देने में विफल साबित हो रही है और इसमें कई तरह की अनियमितताएं देखने को मिल रही हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार कूलिंग प्वाइंट पर रखा गया कूलर कथित रूप से अवैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। साथ ही लोगों के लिए पेयजल उपलब्ध कराने हेतु केवल दो छोटी मटकियां रखी गई हैं, जबकि पर्याप्त जल भंडारण और अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव है।

आरोप है कि कूलिंग प्वाइंट की देखरेख के लिए नगर पालिका ने कर्मचारी श्याममूर्ति गुप्ता की ड्यूटी लगाई है, लेकिन उन्हें मटकों में पानी भरने के लिए बाल्टी जैसी बुनियादी सुविधा भी उपलब्ध नहीं कराई गई। बताया जाता है कि आसपास के प्रतिष्ठानों से भी उन्हें इस कार्य में अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है।

इसके अलावा धूप से बचाव के लिए केवल चांदनी (कपड़े) का अस्थायी शेड लगाया गया है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को पर्याप्त राहत नहीं मिल पा रही है। ऐसे में यह व्यवस्था अपने उद्देश्य को कितना पूरा कर रही है, इस पर सवाल उठ रहे हैं।

गौरतलब है कि नगर पालिका परिषद मिश्रित की अध्यक्ष सीमा भार्गव हैं, जबकि क्षेत्रीय विधायक रामकृष्ण भार्गव हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनहित के नाम पर की गई यह व्यवस्था धरातल पर प्रभावी नजर नहीं आ रही है और इसमें सुधार की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *