भीषण गर्मी और अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित, ट्रिपिंग व लो-वोल्टेज से बढ़ी परेशानी।

Spread the love

मिश्रिख, सीतापुर। क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती और लगातार हो रही ट्रिपिंग से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। तापमान में लगातार वृद्धि के साथ मिश्रिख विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कस्बा, फूलपुर-झरिया, रामकोट, कुतुबनगर तथा मछरेहटा फीडरों की विद्युत आपूर्ति चरमरा गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि विशेष रूप से शाम के समय हर कुछ मिनट में बिजली ट्रिप हो रही है। वहीं लो-वोल्टेज की समस्या के कारण पेयजल संकट भी गहराने लगा है। लोगों का कहना है कि शिकायत करने पर भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि संबंधित अवर अभियंता (जेई) से संपर्क करने का प्रयास करने पर भी फोन रिसीव नहीं किया जाता।

दूसरी ओर, दोपहर के समय चल रही तेज लू के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। चिकित्सकों ने दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। अस्पतालों में हीट वेव और लू से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

उधर, नगर क्षेत्र के कई स्थानों पर बिजली के तार सड़क किनारे झूलते और टूटे पड़े दिखाई दिए, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से शीघ्र विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा अघोषित कटौती पर रोक लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *