तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से शिक्षामित्र गंभीर घायल, सिर में लगे सात टांके।

Spread the love

कुदरहा। लालगंज थाना क्षेत्र के जिभियाव-लखरहिया लिंक मार्ग पर स्थित आरके भट्ठा के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक शिक्षामित्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, लखरहिया निवासी शिक्षामित्र रंगीलाल लालगंज से गैस सिलेंडर लेकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आरके भट्ठा के पास सामने से तेज गति से आ रही एक बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रंगीलाल सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल को निजी वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनके सिर में सात टांके लगाए। उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया।

हादसे के बाद दूसरी मोटरसाइकिल का चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *