रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पौराणिक तीर्थ नैमिषारण्य स्थित पवित्र गोमती नदी तट पर सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र के सांसद अशोक रावत एवं मिश्रिख विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकृष्ण भार्गव ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया।
प्राकृतिक वातावरण और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण गोमती तट पर आयोजित इस कार्यक्रम में योग के माध्यम से शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का संदेश दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने लोगों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ, निरोगी और सशक्त समाज के निर्माण के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक रामकृष्ण भार्गव ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने योग एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए स्वस्थ भारत और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।