रिपोर्ट: विजय नागपाल।
जेवर। यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर एयरपोर्ट के निकट शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में मांट विधायक राजेश चौधरी की एस्कॉर्ट में चल रहे वाहन को एक तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने से आ रहे एक ट्रक से बचने के प्रयास में डंपर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और विधायक की एस्कॉर्ट वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार कई लोग घायल हो गए।
हादसे में एक सुरक्षा गार्ड की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तथा यमुना एक्सप्रेस-वे की आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।