तहसील दिवस में जल निकासी की समस्या उठी, नाली निर्माण पर ग्रामीण ने जताई आपत्ति।

Spread the love

मिश्रिख/सीतापुर। संपूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) में सीताकुंड वार्ड नंबर-1 निवासी विमल अवस्थी ने जल निकासी की समस्या को लेकर प्रशासन को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।

प्रार्थना पत्र में विमल अवस्थी ने बताया कि उनके मकान के सामने पहले से एक नाली बनी हुई है, जबकि सामने की ओर से आने वाली दूसरी नाली को आपस में जोड़ने के बजाय उनके दरवाजे के सामने नई नाली का निर्माण कराया जा रहा है। उनका आरोप है कि यदि इस प्रकार नाली बनाई गई तो बरसात का पानी सीधे उनके घर के मुख्य द्वार की ओर आएगा, जिससे जलभराव होने के साथ ही संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पानी की निकासी के लिए नाली को तालाब की ओर जाने वाली मुख्य नाली से सीधे जोड़ा जाए, ताकि वर्षा का पानी सुचारु रूप से निकल सके और किसी प्रकार की क्षति न हो।

विमल अवस्थी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ तहसील दिवस में पहुंचे और अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।

इस संबंध में संबंधित अधिकारियों ने बताया कि तहसील दिवस में प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *