रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
महोली (सीतापुर)। किसान शक्ति मार्च के बैनर तले महोली विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने बीते दिवस अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर मार्च निकालते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) महोली को सात सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की।
इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्र शक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी उमाशंकर यादव तथा कुर्मी उत्थान समिति उत्तर प्रदेश के प्रमुख महामंत्री अनिल वर्मा ने कहा कि महोली क्षेत्र के किसान खाद की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के अभाव में गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन व्यापक एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
किसान नेताओं ने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।