रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति द्वारा सोमवार को स्वामी घाट पर बिहार में पुलिस कार्रवाई में मृत हुए स्वर्गीय भरत तिवारी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में उपस्थित समाज के प्रबुद्धजनों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए न्यायपूर्ण जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।
श्रद्धांजलि अर्पित करते समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रामगोपाल शर्मा ने कहा कि भरत तिवारी एक होनहार, समाजसेवी एवं जनप्रिय युवा थे, जिनकी असामयिक मृत्यु से समाज को गहरा आघात पहुंचा है।
राष्ट्रीय महामंत्री पंडित बंसीलाल शर्मा ने घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की। वहीं श्री वामन भगवान महोत्सव समिति के संस्थापक श्याम शर्मा ने कहा कि न्याय व्यवस्था में समाज का विश्वास बनाए रखने के लिए पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
वहीं सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय भरत तिवारी के परिवार को पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने, मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग रखी।कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय भरत तिवारी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की गई कि वे शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
इस अवसर पर विनोद दीक्षित, के.के. शर्मा, गौरव शर्मा, ललित स्वामी, महंत लब्बू पंडित, आशीष शर्मा,चंद्र किशोर, धीरज गोस्वामी, अजय शर्मा लाला , राज नारायण गौड़, आशु , बृजमोहन पांडे, राकेश शर्मा, राजकुमार शर्मा, बांके बिहारी शर्मा, राजा ज्ञानेंद्र दीक्षित , राजेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।