रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े एक सेल्समैन से लाखों रुपये की लूट की घटना सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कई टीमों को आरोपियों की तलाश में लगा दिया है।
जानकारी के अनुसार, विजय कुमार पुत्र रामबाबू, निवासी काशीराम कॉलोनी, एक निजी फर्म में सेल्समैन हैं। वह औरंगाबाद तथा मंडी चौराहा क्षेत्र से एडवांस एवं माल बिक्री की रकम एकत्र कर वृंदावन स्थित जेपी इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर के पास जमा कराने जा रहे थे। इसी दौरान थाना हाईवे क्षेत्र में माहेश्वरी बस स्टैंड के समीप रविवार को लगभग 4:15 बजे बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए नकदी लूट ली।
घटना की सूचना मिलते ही जेपी इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर जगदीश प्रसाद गौतम पुत्र स्वर्गीय भगवान दास ने थाना हाईवे में मुकदमा दर्ज कराया।
सूत्रों के अनुसार, लूटी गई रकम लगभग ₹5.30 लाख बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से राशि की पुष्टि की जानी बाकी है।
घटना के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी के निर्देशन में थाना हाईवे पुलिस, एसओजी टीम तथा अन्य पुलिस टीमें सक्रिय हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।