•यूनाइटेड किंगडम दौरे पर करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व।
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ (नरसा) की महिला हॉकी खिलाड़ी सुखवीर कौर का चयन यूनाइटेड किंगडम दौरे के लिए भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। उनके चयन से पूर्वोत्तर रेलवे में खुशी का माहौल है। रेलवे प्रशासन ने इसे खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए जा रहे आधुनिक खेल संसाधनों और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम बताया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार, क्रीड़ा संघ द्वारा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अत्याधुनिक सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके चलते रेलवे के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में सुखवीर कौर का भारतीय जूनियर महिला टीम में चयन पूर्वोत्तर रेलवे के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इस उपलब्धि पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एवं नरसा के संरक्षक उदय बोरवणकर, अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल, नरसा के महासचिव अक्षय मिश्रा, सहायक क्रीड़ाधिकारी चन्द्र विजय सिंह सहित नरसा के पदाधिकारियों ने सुखवीर कौर को बधाई देते हुए उनके सफल अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।
रेलवे अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सुखवीर कौर यूनाइटेड किंगडम दौरे पर भारतीय टीम के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और पूर्वोत्तर रेलवे का नाम गौरवान्वित करेंगी।