सीतापुर में तीन दिन में सभी कोचिंग सेंटरों का होगा निरीक्षण, बेसमेंट में संचालन पर रोक।

Spread the love

सीतापुर। जनपद में संचालित कोचिंग सेंटरों, होटलों, लाइब्रेरी एवं अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में किसी भी स्थिति में बेसमेंट में कोचिंग सेंटर संचालित नहीं किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर आगामी तीन दिनों के भीतर सभी कोचिंग संस्थानों का शत-प्रतिशत निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान भवन की संरचनात्मक मजबूती, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास, विद्युत सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन संस्थानों में एयर कंडीशनर लगे हैं, उनके संचालक नियमित रूप से सर्विसिंग एवं रखरखाव कराएं, ताकि शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी से किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने सभी प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्र क्रियाशील रखने तथा कर्मचारियों को उनके उपयोग का प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया जाए, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी भवनों में प्रवेश एवं निकास मार्ग अवरोधमुक्त रखने और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छात्र-छात्राओं एवं आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कोचिंग सेंटर, होटल एवं लाइब्रेरी संचालकों से सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने की अपील करते हुए संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने, विद्युत वायरिंग की नियमित जांच कराने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी खालिद अंजुम, नगर मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पांडेय, पुलिस प्रशासन, अग्निशमन विभाग, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *