‘छात्रों की गूंज’ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाएगी कांग्रेस: तौकीर आलम

Spread the love

मथुरा। सेठवाड़ा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर शुक्रवार को जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर की अध्यक्षता में संगठनात्मक समीक्षा बैठक एवं प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी तौकीर आलम उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन की समीक्षा के साथ कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को लेकर मीडिया को संबोधित किया।

प्रेसवार्ता में तौकीर आलम ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कोटा से पेपर लीक, बेरोजगारी और छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ छात्र आंदोलन की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि देशभर के छात्रों की आवाज है, जिसे हर जिले, शहर, ब्लॉक, नगर पंचायत और गांव तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्रमुख मांगों में पेपर लीक मुक्त परीक्षा प्रणाली, जवाबदेही तय करने की व्यवस्था, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, पेपर लीक माफिया और गठजोड़ की निष्पक्ष जांच तथा सभी परीक्षाओं एवं भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी करना शामिल है।

बैठक के दौरान तौकीर आलम ने जिला कांग्रेस की ब्लॉक, नगर पंचायत एवं मंडल इकाइयों की समीक्षा करते हुए आगामी जनसंघर्ष कार्यक्रमों और संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की।

जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा किए गए विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर आगामी चुनावों में कांग्रेस को मजबूती दिलाने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करेंगे।

कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव मनोज गौड़ ने किया। बैठक में पूर्व अध्यक्ष यामिनी रमन आचार्य, विक्रम बाल्मीकि, उमेश शर्मा, बलवीर प्रधान, आदित्य तिवारी, प्रमोद शर्मा, दीपक दीक्षित, पंकज चौधरी, राजकुमार तिवारी, वेदांत शर्मा, जिलानी कादरी, रमेश कश्यप, विपुल पाठक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *