रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। अखिल भारतीय समता फाउंडेशन, जनपद मथुरा द्वारा भारत में आरक्षण के जनक एवं कोल्हापुर नरेश छत्रपति शाहूजी महाराज की 152वीं जयंती के अवसर पर डॉ. अंबेडकर पार्क, जिखिन गांव (गोवर्धन रोड) पर भव्य पुष्पांजलि सभा एवं प्रतिभा प्रोत्साहन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संदेश कुमार कैन ने किया, जबकि संचालन नरेश चौधरी ने किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बहुजन साहित्यकार एवं गायक नेत्रपाल बृजवासी, समाजसेवी कुंजी पंडित (पूर्व जिला पंचायत सदस्य) तथा मुख्य वक्ता एडवोकेट अरविंद कुमार सिंह ने छत्रपति शाहूजी महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
वक्ताओं ने कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज सामाजिक समता, प्रतिभा प्रोत्साहन और उत्साहवर्धन जैसे मानवीय मूल्यों के सच्चे संरक्षक थे। उन्होंने वर्ष 1902 में वंचित एवं उपेक्षित वर्गों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू कर सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी। उनके द्वारा समान अवसर, शिक्षा और सामाजिक उत्थान के लिए किए गए कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
समारोह में विभिन्न वर्गों के सैकड़ों रक्तदाताओं तथा वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बड़ी संख्या में बुजुर्गों एवं महिलाओं को छत्रपति शाहूजी महाराज का स्मृति चिन्ह, साफा एवं सम्मान पट्टिका प्रदान कर उनका अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान धर्मवीर कलाकार ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दयाशंकर कर्दम ने की तथा अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर एडवोकेट प्रवीण भास्कर, एडवोकेट रवि कुमार, ठाकुर पंकज सिंह, विष्णु सैनी, रमेश सैनी, संतोष सैनी, सी.एस. आनंद, राजन सिंह, आर.पी. राठौर, ब्रजेश अंबेडकर, हाकिम कैन, आकाश कैन, संजय वाल्मीकि, साक्षी प्रजापति, पल्लवी राही, डॉ. अरुण, रोहतास बोरा, विजेंद्र सिंह बौद्ध, शकील कुरैशी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।