राम मंदिर में कथित चोरी मामले पर अरविंद केजरीवाल का हमला, बोले- बड़े दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई।

Spread the love

लखनऊ/अयोध्या। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान राम मंदिर में कथित चढ़ावे और आभूषणों की चोरी के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी और मंदिर प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के मंदिर में करोड़ों-अरबों रुपये के चढ़ावे, आभूषण, सोना-चांदी और अन्य बहुमूल्य वस्तुओं की चोरी हुई है तथा इस पूरे प्रकरण में बड़े लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और इस घटना से देशभर के श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।

उन्होंने कहा कि इस मामले में केवल छोटे कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई कर बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उनका आरोप था कि गठित एसआईटी, दर्ज एफआईआर और की गई गिरफ्तारियां केवल दिखावटी हैं तथा वास्तविक जिम्मेदार लोगों तक जांच नहीं पहुंच रही है।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भगवान के नाम पर दान दिया, वे अब अपने चढ़ावे का हिसाब मांग रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कई श्रद्धालुओं ने बिना रसीद के सोना-चांदी और अन्य कीमती वस्तुएं मंदिर में समर्पित की थीं, लेकिन अब उनके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक संस्था द्वारा दान की गई 200 किलोग्राम चांदी तथा अन्य दान की गई वस्तुओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में आने वाले चढ़ावे में भी बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं। उनका कहना था कि पहले प्रतिदिन बड़ी मात्रा में चढ़ावा आता था, लेकिन कथित चोरी की खबरों के बाद श्रद्धालुओं का विश्वास प्रभावित हुआ है।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था को गहरी ठेस पहुंची है और वे पूरे मामले की निष्पक्ष जांच चाहते हैं।उन्होंने राम मंदिर से जुड़े भूमि सौदों पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कुछ जमीनों की खरीद में भारी वित्तीय अनियमितताएं हुईं।

उन्होंने दावा किया कि कम कीमत पर खरीदी गई जमीन को कुछ ही मिनटों बाद ट्रस्ट को कई गुना अधिक कीमत पर बेचा गया, जिससे ट्रस्ट को आर्थिक नुकसान पहुंचा। साथ ही उन्होंने मंदिर निर्माण कार्य में भी कथित रूप से लागत बढ़ाकर भुगतान किए जाने और टेंडरों में अनियमितताओं के आरोप लगाए।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि यदि इतने बड़े स्तर पर चोरी हुई है तो इसकी जिम्मेदारी केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर नहीं डाली जा सकती।

उन्होंने सवाल उठाया कि कथित रूप से गायब हुए करोड़ों रुपये, सोना-चांदी, आभूषण और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं आखिर कहां गईं और उनका लाभ किसे मिला। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर देशवासियों ने आस्था और विश्वास के साथ दान दिया है। ऐसे में यदि उस विश्वास के साथ खिलवाड़ हुआ है तो इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषी चाहे कितने भी प्रभावशाली हों, उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *