सोशल मीडिया और एआई का जिम्मेदारी से करें उपयोग, फेक नैरेटिव का करें पर्दाफाश : सुबाष यदुवंश

Spread the love

संत कबीर नगर। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के दूसरे दिन शनिवार को आयोजित समापन सत्र में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सुबाष यदुवंश ने सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव के बीच सतर्कता, जिम्मेदारी और डिजिटल अनुशासन अपनाने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि डिजिटल एवं सोशल मीडिया जन-कल्याणकारी योजनाओं, सरकारी उपलब्धियों और राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। साथ ही कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे विपक्ष द्वारा फैलाए जाने वाले कथित भ्रामक नैरेटिव का तथ्यों के आधार पर जवाब दें। उन्होंने एआई के दौर में फैक्ट-चेकिंग को अत्यंत आवश्यक बताते हुए गलत एवं भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकने की अपील की।

अगले सत्र में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि मीडिया प्रभारी संगठन और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रभारियों का दायित्व है कि वे सरकार की योजनाओं एवं संगठन के कार्यक्रमों की जानकारी समयबद्ध तरीके से समाचार माध्यमों तक पहुंचाएं। उन्होंने पत्रकारों एवं संपादकों से निरंतर संवाद और सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया।

प्रशिक्षण के अगले चरण में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पार्टी का आधार राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद (हिंदुत्व) और एकात्म मानववाद है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों को पुनर्जीवित करने वाला जनआंदोलन है।

समापन सत्र में जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में 227 पदाधिकारी अपेक्षित थे, जिनमें से 193 ने सहभागिता की। उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। वर्ग प्रमुख ने भी सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री काउंसलिंग सिंह दीपू ने किया। इस अवसर पर जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, विधायक अनिल त्रिपाठी, विधायक अंकुर तिवारी, गणेश चौहान, गणेश पांडे, हैप्पी राय, सुनीता अग्रहरि, उर्मिला त्रिपाठी, संगीता वर्मा, किरण प्रजापति, रजनी पांडे, डॉ. सोनी सिंह, राकेश मिश्रा, दुर्गा राय, विवेकानंद वर्मा, राजेश मिश्रा, निरंजन लोहिया, धनंजय पांडे, कालिंदी चौहान, उषा पांडे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *