रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। हाथरस में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर दिए गए बयान का मथुरा के संत समाज ने स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए भी राम मंदिर की तरह अभियान चलना चाहिए। साथ ही उन्होंने इस मुद्दे पर विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा।
मुख्यमंत्री के बयान के बाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह प्रकरण में याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ का वक्तव्य सराहनीय है। उन्होंने कहा कि संत समाज मुख्यमंत्री के बयान का स्वागत करता है और श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विषय पर उनकी स्पष्ट सोच की प्रशंसा करता है।
दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान से संत समाज में खुशी की लहर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मुद्दे के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल होगी। इस दौरान अन्य साधु-संतों ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वक्तव्य का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।