भामाशाह जयंती पर सपा नेताओं ने किया नमन, त्याग और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को किया याद।

Spread the love

बस्ती। समाजवादी पार्टी कार्यालय में सोमवार को महान दानी एवं राष्ट्ररक्षक दानवीर भामाशाह की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन सपा जिलाध्यक्ष एवं बस्ती सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव के संयोजन में हुआ। इस अवसर पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा पर प्रकाश डाला।

महेन्द्रनाथ यादव ने कहा कि भामाशाह जैसे महान विभूतियों के त्याग और योगदान से देश का इतिहास गौरवशाली बना है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसे महापुरुषों के आदर्शों का सम्मान करती है और समाज में त्याग, समर्पण तथा राष्ट्रहित की भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि जब महाराणा प्रताप आर्थिक संकट से जूझ रहे थे और सेना संचालन के लिए संसाधनों का अभाव था, तब भामाशाह ने अपनी जीवनभर की संचित पूंजी राष्ट्र रक्षा के लिए समर्पित कर दी। उनका जीवन देशभक्ति, त्याग और निस्वार्थ सेवा का अनुपम उदाहरण है।

इस अवसर पर सपा नेता मो. स्वालेह, आर.डी. निषाद, राजाराम यादव एवं मो. सलीम ने कहा कि भारतीय इतिहास में भामाशाह का नाम निस्वार्थ राष्ट्रसेवा और दानशीलता के प्रतीक के रूप में सदैव अमर रहेगा। उनके अभूतपूर्व दान के कारण ही उन्हें दानवीर की उपाधि मिली। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को भामाशाह के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम में अरविन्द सोनकर, जगदीश यादव, लालमन, मो. कामिल, अनीस पिंटू, जुनेद अहमद, युनूस आलम, सुशील यादव, विवेक यादव विक्की, जगपाल चौधरी सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *