रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता अरुण उर्फ ए.एन. अनु का रविवार सुबह हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता और अधिवक्ता समाज में गहरा शोक व्याप्त है।
अरुण उर्फ ए.एन. अनु ने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में ‘आज’, ‘अमर उजाला’ और ‘हिन्दुस्तान’ जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दीं। अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता के कारण उन्होंने पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान बनाई थी। वे सामाजिक और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए भी जाने जाते थे।
मूल रूप से जमुनापार क्षेत्र के लोहवन गांव निवासी ए.एन. अनु वर्तमान में औरंगाबाद में किराये के मकान में रह रहे थे। बताया जाता है कि रविवार सुबह पूजा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और हृदय गति रुकने से वे अचेत हो गए। मकान मालिक उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय उनके बच्चे अपनी ननिहाल कोलकाता गए हुए थे। उनके असामयिक निधन की सूचना मिलते ही परिजन, शुभचिंतक, पत्रकार एवं अधिवक्ता अस्पताल और उनके आवास पर पहुंचने लगे।
उनके निधन पर पत्रकार संगठनों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न गणमान्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।