मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद जनपद में ‘श्री राम वाटिका’ का लोकार्पण दो नन्हीं बच्चियों के कर-कमलों से कराकर उसे जनसामान्य को समर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बेटियों के सम्मान और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि समाज में बेटियों को सम्मान और समान अवसर देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
लोकार्पण समारोह का यह भावपूर्ण क्षण उपस्थित लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मुख्यमंत्री ने स्वयं बच्चियों से फीता कटवाकर और उनके हाथों से वाटिका का शुभारंभ कर यह संदेश दिया कि बेटियां समाज की शक्ति, संस्कार और भविष्य की आधारशिला हैं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए तालियों से बच्चियों का उत्साहवर्धन किया।
‘श्री राम वाटिका’ को नागरिकों के लिए एक सुंदर हरित स्थल के रूप में विकसित किया गया है, जहां लोग प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से भी जुड़ सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह पहल “बेटियों का सम्मान, नए उत्तर प्रदेश की पहचान” के संकल्प को सशक्त रूप से आगे बढ़ाने वाली मानी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।