जागरुकता रैली निकालकर संचारी रोगों की रोकथाम को अभियान शुरू।

Spread the love

मथुरा। जनपद में 01 से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण रोग अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए बुधवार को नगर में जागरुकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ0 राधावल्लभ ने रैली को हरी झंडी दिखाई।

रैली सीएमओ कार्यालय से शुरु होकर राजीव भवन, पोस्ट ऑफिस, कलेक्ट्रेट, सिविल लाइंस, तहसील होते हुए सीएमओ ऑफिस पर समाप्त हुई। इसके बाद संचारी रोगों की रोकथाम के लिए शपथ भी ली गई। रैली में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, प्रशिक्षु एएनएम कार्यकत्री के साथ-साथ बाल विकास सेवा विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व नगर निगम मथुरा-वृंदावन के कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

सीएमओ ने बताया कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनपद में एक से 31 जुलाई 2026 तक अन्तर्विभागीय सहयोग से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पूरे जनपद में विभिन्न गतिविधियां आयोजित करके संचारी रोगों की रोकथाम की जाएगी।
वेक्टर बॉर्न डिजीज के नोडल अधिकारी डॉ. अनुज चौधरी ने बताया कि संचारी रोगों का मुख्य कारण मच्छर हैं। इसके लिए नगर निगम के सहयोग से एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को भी मच्छरों से बचाव के लिए जागरुक किया जाएगा।

नगरीय मलेरिया अधिकारी डॉ. गोपाल गर्ग ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर दस्तक देंगी और लोगों को मच्छर जनित रोगों के बारे में जागरुक करेंगी। उन्होंने बताया कि आमजन को बाताया जाएगा कि पानी के बर्तन, ड्रम आदि को ढक कर रखें। जिन स्थानों में पानी इकट्ठा होता है वहां पानी में कुछ बूंदे मिट्टी के तेल या ट्रैक्टर का जला हुआ मोबिलऑयल डाल दें। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनें। मच्छरों से बचने के लिये सोते समय मच्छर रोधी क्रीम/नीम का तेल/कड़वा तेल शरीर पर लगाएं। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। बुखार आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर चिकित्सकीय सलाह लें और अपने खून की जांच कराएं।

रैली में नगर स्वास्थ्य अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी वीबीडी डॉ. अनुज चौधरी, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. रोहिताश तेवतिया, जिला प्रशासनिक अधिकारी डॉ अनुज यादव, जिला मलेरिया अधिकारी चन्द्र प्रकाश मिश्र, नगरीय मलेरिया अधिकारी डॉ. गोपाल गर्ग, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, एपीडेमिऑलोजिस्ट डॉ.हिमांशु, अर्बन कॉर्डिनेटर एवं वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक संतोष तिवारी, मलेरिया निरीक्षक राहुल सिंह सिसौदिया, नितिन रस्तोगी एवं मलेरिया कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

मच्छरों से बचाव के लिए यह करें

  • पानी के बर्तन /ड्रम/टंकी आदि ढक कर रखें ।
  • सप्ताह में एकबार पानी के बर्तनों को खाली कर लीजिए ।
  • जिन स्थानों में पानी का इकट्ठा होना रोका न जा सके वहां पानी में कुछ बूंदें मिटटी का तेल या ट्रैक्टर का जला हुआ मोबिआयल डालें।
  • मच्छरों से बचने के लिये सोते समय मच्छर रोधी क्रीम/नीम का तेल/कड़वा तेल शरीर पर लगाएं।
  • सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें ।
  • ऐसे कपड़े पहनें जो शरीर को पूरा ढकें ।
  • बुखार होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र / स्वास्थ्य कार्यकर्ता से खून की जांच करायें।
  • दवा नियमित और पूरी खायें।
  • घर मे व घर के आसपास टूटे बरतन ,टायर,फूलदान, आदि बर्तनो में जलभराव न होने दें।
  • तेज बुखार उतारने के लिये एस्प्रिन या ब्रुफिन टैबलेट का इस्तेमाल न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *