कोटे की दूकान को लेकर विवादः मारपीट, पीड़ित ने एसपी से लगाया न्याय की गुहार।

Spread the love

बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के सरैया बुजुर्ग गांव में पंचायत भवन पर कोटे की दुकान के वितरण को लेकर बुलाई गई बैठक में विवाद हो गया।  पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर ग्राम प्रधान, सचिव और दो अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक और थानाध्यक्ष को दिए गए प्रार्थना पत्र में सरैया बुजुर्ग निवासी दलित दिनेश पुत्र पूर्णमासी ने  कहा है कि गत  30 जून को गांव के पंचायत भवन में कोटे की दुकान के वितरण के संबंध में एक बैठक बुलाई गई थी, जिसमें उन्हें भी आमंत्रित किया गया था। आरोप है कि जब पीड़ित बैठक में पहुंचा, तो वहां पहले से मौजूद लवकुश, अंकुर पुत्रगण राजेंद्र और ग्राम प्रधान मीना यादव ने पुरानी रंजिश को लेकर अभद्र व जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसे दौड़ा लिया।

पीड़ित का आरोप है कि विपक्षियों ने लाठी-डंडे और लोहे के कड़े से उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह वहीं गिर पड़ा। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के समय मौके पर मौजूद पंचायत सचिव  ने भी विपक्षियों को उकसाया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।

शोर-शराबा सुनकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर पीड़ित की जान बचाई। पीड़ित दिनेश का कहना है कि विपक्षी दबंग किस्म के हैं। उसने पुलिस से डॉक्टरी जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *