•कहा- अब पंचायतें तय करेंगी विकास कार्य, श्रमिकों को मिलेगा 125 दिन का रोजगार
बस्ती। साऊंघाट विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख अभिषेक कुमार ने गुरुवार को कोड़रा गांव में श्रमदान कर ‘जीराम जी’ योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों के साथ स्वयं कार्य करते हुए योजना की विशेषताओं की जानकारी दी और कहा कि यह पहल ग्रामीण विकास के साथ-साथ श्रमिकों के लिए अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी।
अभिषेक कुमार ने बताया कि जॉब कार्ड धारकों को अब मनरेगा के स्थान पर ‘जीराम जी’ योजना के तहत पहले की अपेक्षा अधिक दिनों तक रोजगार मिलेगा। योजना के अंतर्गत ग्रामीण श्रमिकों को वर्ष में 100 दिनों के बजाय 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी। साथ ही न्यूनतम मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था में ग्राम पंचायतें स्वयं तय करेंगी कि गांव में तालाब, सड़क, स्कूल, नाली तथा अन्य विकास कार्यों में किसे प्राथमिकता दी जाए। कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन मॉनिटरिंग, जीपीएस और मोबाइल ट्रैकिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिससे अनियमितताओं पर रोक लगेगी और श्रमिकों को समय पर लाभ मिल सकेगा।
इस अवसर पर सचिव अशोक कुमार, पूर्व ग्राम प्रधान शशिकला सहित श्रमिक रामभेज, रितिक चौधरी, मुन्नू, कल्पा, शकुंतला, अमरजीत, रामशब्द, कन्हैयालाल, आशा देवी एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।