•तीन दिनों में पूरे प्रदेश में पकड़े गए कुल 44 मुन्ना भाई ।
प्रयागराज। यूपी टीईटी परीक्षा प्राइमरी स्तर (कक्षा 1 से 5) एवं उच्च प्राइमरी स्तर (कक्षा 6 से 8) की लिखित परीक्षा आज समाप्त हो गई।
02, 03 एवं 04 जुलाई को आयोजित की गयी इस परीक्षा में 02 जुलाई की दो पालियों एवं 03 जुलाई की प्रथम पाली में उच्च प्राइमरी स्तर की परीक्षा आयोजित की गयी थी जिसमें कुल पंजीकृत 1211459 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 1057055 (87.25%) अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा में प्रतिभाग किया गया।
03 जुलाई की द्वितीय पाली एवं 04 जुलाई की प्रथम पाली में प्राइमरी स्तर की परीक्षा आयोजित की गयी जिसमें पंजीकृत कुल 783202 परीक्षार्थियों में से 713659 (91.12%) द्वारा परीक्षा में प्रतिभाग किया गया। उच्च प्राइमरी स्तर की परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों की प्रतिभागिता 87.00% एवं प्राइमरी स्तर की परीक्षा में 90.85% प्रतिभागिता रही।
04 जुलाई को प्रथम पाली (पूर्वाह्न 09:30 बजे से 12:00 बजे तक) में प्रदेश के 955 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की गयी, जिसमें कुल 379316 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 334775 कुल 88.00% अभ्यर्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया है। इस प्रकार आयोग द्वारा आयोजित इस परीक्षा में कुल पंजीकृत 1994661 परीक्षार्थियों में से 1770714 कुल 88.77% परीक्षार्थियों द्वारा परीक्षा में प्रतिभाग किया गया।
आयोग द्वारा निर्धारित सभी 60 जनपदों में सदस्यगण व सेवानिवृत्त आईएएस व आईपीएस को प्रेक्षक के रूप में नामित किया गया था। सभी प्रेक्षकों द्वारा सम्बन्धित जनपदों के परीक्षा केन्द्रों का परीक्षा के दौरान अनवरत भ्रमण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। परीक्षा के दौरान आयोग में स्थापित एआई इन्ट्रीग्रेटेड कन्ट्रोल कमांड रूम से आयोग के अध्यक्ष डॉ० प्रशान्त कुमार, सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थिति में सभी परीक्षा केन्द्रों की सघन निगरानी की गयी तथा परीक्षा केन्द्रों पर लगे A.I. कैमरों के माध्यम से परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर सतत् दृष्टि रखी गयी।
एआई आधारित साफ्टवेयर की मदद से परीक्षा के दौरान संदिग्धों के जॉच के पश्चात् प्रदेश के विभिन्न जनपदों में दिनांक 02 जुलाई को 14, दिनांक 03 जुलाई को 11 एवं दिनांक 04 जुलाई को 19 कुल 44 फर्जी परीक्षार्थी जो दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देते हुये पकडे गये एवं 03 जुलाई को एक अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष में मोबाइल से नकल के प्रयास में पकड़ा गया। उक्त सभी के विरूद्ध अग्रेतर विधिक कार्यवाही हेतु स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है इसके अतिरिक्त प्रदेश के सभी निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा सुचारू रूप से पारदर्शी, नकल विहीन, शुचितापूर्ण, निर्विघ्न एवं ससमय सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई।