ऑल इंडिया धनगर समाज महासंघ ने मेधावी छात्र-छात्राओं का किया सम्मान, लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती पर आयोजित हुआ समारोह।

Spread the love

मथुरा। ऑल इंडिया धनगर समाज महासंघ (पंजी.) जिला मथुरा द्वारा लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को रिफाइनरी टाउनशिप स्थित कर्मचारी क्लब में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लगभग 105 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह की अध्यक्षता सेठ किशनलाल धनगर ने की, जबकि मुख्य अतिथि ऑल इंडिया धनगर समाज महासंघ नई दिल्ली के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजयपाल सिंह होलकर रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक मेघश्याम सिंह, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन निरंजन सिंह धनगर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि अजयपाल सिंह होलकर ने अपने संबोधन में कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर का जीवन न्याय, सुशासन एवं जनकल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समाज को नई दिशा देने का कार्य है और युवा पीढ़ी को लोकमाता के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

विधायक मेघश्याम सिंह ने कहा कि बच्चों का सम्मान उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। वहीं जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन निरंजन सिंह धनगर ने समाज हित में महासंघ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

समारोह में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीर सिंह धनगर, राष्ट्रीय सचिव गीता होलकर, प्रदेश अध्यक्ष संजय धनगर, प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर शंकर लाल धनगर, इंजीनियर रणेंद्र सिंह धनगर, कवयित्री पद्मावती परस धनगर, डॉ. संदीप बघेल, युवा प्रदेश अध्यक्ष पीयूष धनगर सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन इंजीनियर शंकर लाल धनगर ने किया। अंत में ऑल इंडिया धनगर समाज महासंघ के जिला महासचिव कैप्टन जगवीर सिंह धनगर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *