अलीगढ़ से सौरभ पाठक की रिपोर्ट।
अलीगढ़। उच्च शिक्षा और अनुसंधान को नई दिशा देने की पहल करते हुए मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ एवं अमर सिंह कॉलेज, लखावटी (बुलंदशहर) के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौता पर मंगलायतन विश्वविद्यालय के कुलसचिव कमांडर मनोज के (सेवानिवृत्त) व अमर सिंह कॉलेज के एग्रोनोमी विभाग के अध्यक्ष डा. राजपाल सिंह ने हस्ताक्षर किए।
इसका उद्देश्य अभ्यास-आधारित शिक्षा, अनुसंधान और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। यह एमओयू पांच वर्ष तक प्रभावी रहेगा तथा आवश्यकता के अनुसार आपसी सहमति से इसका विस्तार भी किया जा सकेगा।
मंगलायतन के कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने बताया कि एमओयू के तहत दोनों संस्थान संयुक्त रूप से शोध परियोजनाओं पर कार्य करेंगे। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के सामाजिक उत्थान, स्थानीय उद्योगों के तकनीकी विकास तथा उभरती हुई तकनीकों पर अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त दोनों संस्थान छात्रों एवं शिक्षकों के आदान-प्रदान, संयुक्त शोध, व्याख्यान, संगोष्ठियों, सेमिनारों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों के आयोजन में भी सहयोग करेंगे। मंगलायतन के कुलसचिव कमांडर मनोज के ने बताया कि समझौते के अनुसार दोनों संस्थान डीबीटी, डीएसटी, सीएसआईआर, आईसीएमआर, आईसीएआर सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वित्तपोषण एजेंसियों के समक्ष संयुक्त शोध प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने बताया कि समझौते के तहत प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी), स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम (एसडीपी) तथा व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों के संचालन में दोनों संस्थान परस्पर सहयोग करेंगे। इस अवसर पर कृषि विभाग के अध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार आदि उपस्थित रहे।