केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। शासन के निर्देश पर मंगलवार को आजमगढ़ मंडल के उप निदेशक (पंचायत) अभय कुमार शाही ने विकास भवन पहुंचकर जिला पंचायत राज विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कंसल्टेंट तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




समीक्षा बैठक के बाद उप निदेशक ने विकासखंड खलीलाबाद की ग्राम पंचायत नेहिया खुर्द बुजुर्ग का दौरा कर पंचायत भवन, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) और रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेल मैदान परिसर में हरिशंकरी पौध का रोपण भी किया।
इसके बाद उन्होंने विकासखंड सेमरियावां की ग्राम पंचायत टेमारहमत में अंत्येष्टि स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अंत में ग्राम पंचायत चांगेरा मगेरा पहुंचकर पंचायत भवन का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान उप निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को अंत्येष्टि स्थल पर इंटरलॉकिंग एवं बाउंड्री वॉल का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।