रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को मथुरा में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे और कथित वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर सद्बुद्धि पदयात्रा निकाली गई।



पदयात्रा का शुभारंभ भूतेश्वर स्थित श्रीजी बाबा आश्रम हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ और समापन श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुख्य द्वार पर हनुमान चालीसा के पाठ के साथ किया गया।
पदयात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से संबंधित कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी खबरों से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित हुई है।
उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच उच्च न्यायालय के किसी कार्यरत (सिटिंग) न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए। साथ ही मंदिर ट्रस्ट को भंग कर उसकी जिम्मेदारी चारों पीठों के शंकराचार्यों एवं श्रीराम मंदिर के सम्मानित महंतों को सौंपने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे का दुरुपयोग किया गया है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि ने भी कथित चंदा अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
सद्बुद्धि पदयात्रा में लता चौहान, पुनीत बघेल, अबरार कुरैशी, रूपा लवानिया, शालू अग्रवाल, नीलम कुलश्रेष्ठ, गीता दिवाकर, प्रवीण ठाकुर, विपुल पाठक, हर्ष चौरसिया, प्रेम शंकर शर्मा, आशीष अग्रवाल, गौरांग अग्रवाल, संदीप चौधरी, कुंवर सिंह निषाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।