लखनऊ/आगरा। आय से अधिक संपत्ति के मामले में उत्तर प्रदेश विजिलेंस टीम ने परिवहन विभाग के सेवानिवृत्त सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर बड़ी कार्रवाई की। तलाशी के दौरान टीम को भारी मात्रा में नकदी, सोना, चांदी और अन्य कीमती आभूषण बरामद हुए।

विजिलेंस जांच में आवास से करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद, लगभग 13 किलोग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी, हीरे तथा अन्य बहुमूल्य आभूषण मिले हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार बरामद सोना, चांदी और आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति की जांच के तहत की गई है। विजिलेंस टीम बरामद संपत्तियों के स्रोत, निवेश और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच में जुटी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।