कुड़वार/सुल्तानपुर। सुबह खाना बनाने के बाद घर के अंदर टीन शेड में लगे बांस के सहारे लटक कर युवती ने आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेसिक टीम व अधिकारी के निरीक्षक के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया है।
मामला स्थानीय थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव से जुड़ा है जहां गुरुवार को सुबह कल्पना(18) पुत्री गोकुल प्रजापति ने खाना बनाकर भाई व पिता को खिलाया। खाना खा कर भाई दिलीप स्कूल चला गया और पिता मजदूरी करने चला गया। मां फूल कुमारी गांव में दूसरे के घर बर्तन मांजने चली गई। जब मां वापस लौटी तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था।काफी देर बुलाने के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को बुलाकर घर खुलवाया तो देखा कि उसकी बड़ी बेटी कल्पना टीन शेड के लगे बॉस में दुपट्टे के सहारे लटक रही है। आनन फानन में नीचे उतरवाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी।
सूचना पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव ने घटना की सूचना उच्च अधिकारियों सहित फॉरेसिक टीम को दी।फॉरेसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सैंपल एकत्रित किए।
उपनिरीक्षक अम्बरीष पाठक ने मृतका के पिता की लिखित सूचना पर पंचनामा की कार्यवाही की। मृतका हाईस्कूल पास थी जो अब पढ़ाई नहीं कर रही थी।उसकी छोटी बहन सोनिया रिश्तेदारी गई थी।सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मृतका के पिता की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया गया है।मामले में जांच पड़ताल जारी है।