रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख/सीतापुर। मिश्रिख विकासखंड की अधिकांश ग्राम पंचायतों में इन दिनों गंदगी का अंबार लगा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायतों में नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ने ग्राम प्रधानों को विकास कार्यों और स्वच्छता व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी है, लेकिन कई प्रधान साफ-सफाई के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
उनका आरोप है कि विकासखंड की एक-दो नहीं, बल्कि लगभग 50 ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था बदहाल है और स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों की अनदेखी की जा रही है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विकासखंड कार्यालय में तैनात एडीओ पंचायत रामवीर द्वारा भी सफाई व्यवस्था की प्रभावी निगरानी नहीं की जा रही है, जिसके कारण स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायतों में तत्काल व्यापक सफाई अभियान चलाकर व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की जाएगी।