रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ के अवसर पर बुधवार को भूमिजा बहुद्देशीय हॉल, खैराबाद में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वाराणसी के ट्रेड सेंटर से मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
योजना के तहत बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक, अनुदेशक, सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डन, पूर्णकालिक एवं अंशकालिक शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइयों तथा उनके आश्रित परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेवता विधायक ज्ञान तिवारी, विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह एवं पवन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा वरिष्ठ डायट प्रवक्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधे एवं ओडीओपी के तहत दरी भेंट कर किया। प्राथमिक विद्यालय मिश्रापुर, खैराबाद के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वच्छता जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से बेसिक शिक्षा परिषद के 19 तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 12 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड एवं अंगवस्त्र वितरित किए गए।
योजना के अंतर्गत लाभार्थियों एवं उनके आश्रितों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए सदस्य विधान परिषद पवन सिंह ने उन्हें बैग भी वितरित किए।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, वरिष्ठ डायट प्रवक्ता, समग्र शिक्षा के जिला समन्वयक, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।