रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, मथुरा महानगर ने भूतेश्वर अखाड़ा क्षेत्र में हुए हमले के मामले में आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं हुई तो 10 जुलाई को थाना कोतवाली मथुरा का घेराव किया जाएगा।

संगठन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 20 जून 2026 की रात भूतेश्वर अखाड़ा क्षेत्र में दीपक के भाई शीतल पर कथित रूप से कुछ लोगों ने चौथ (रंगदारी) देने से इनकार करने पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में शीतल गंभीर रूप से घायल हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया, जबकि मेडिकल जांच में उनकी नाक की हड्डी टूटना, आंख में गंभीर चोट तथा एक दांत टूटने की पुष्टि होने का दावा किया गया है।
विहिप-बजरंग दल का आरोप है कि गंभीर चोटों के बावजूद अब तक मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। संगठन ने आरोप लगाया कि मामले के विवेचक एवं कृष्ण नगर चौकी प्रभारी द्वारा कार्रवाई में लापरवाही बरती जा रही है और लगातार टालमटोल की जा रही है।
संगठन ने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ ही मामले की विवेचना में कथित शिथिलता की विभागीय जांच कराई जानी चाहिए। संगठन ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो 10 जुलाई को थाना कोतवाली मथुरा का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।