महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने सुनीं महिलाओं की समस्याएं, अस्पताल व जिला कारागार का किया निरीक्षण।

Spread the love

सीतापुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष (उपमंत्री दर्जा) श्रीमती चारू चौधरी ने शुक्रवार को सदर तहसील सभागार में आयोजित जनसुनवाई में महिलाओं की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कुल आठ शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना, संपत्ति विवाद और कार्यस्थल पर उत्पीड़न जैसे मामले शामिल रहे।

उन्होंने पीड़ित महिलाओं को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर संबंधित विभागों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समन्वय से शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उन्हें न्याय दिलाना राज्य महिला आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि आयोग पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता, परामर्श एवं मानसिक सहयोग भी उपलब्ध कराता है।

जनसुनवाई के बाद श्रीमती चारू चौधरी ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से बातचीत कर चिकित्सा सुविधाओं तथा किसी प्रकार का सुविधा शुल्क लिए जाने के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने लेबर रूम, सर्जिकल वार्ड, ओपीडी, अल्ट्रासाउंड कक्ष तथा वाटर कूलर की जल गुणवत्ता का भी जायजा लिया।
इसके बाद उपाध्यक्ष ने जिला कारागार का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *