रिपोर्ट: विजय नागपाल।
छाता। आमजन एवं ई-स्टाम्प विक्रेताओं को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (SHCIL) द्वारा बीते मंगलवार को छाता तहसील परिसर में ई-स्टाम्पिंग हेल्पडेस्क काउंटर का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन उप निबंधक (SRO) श्री सुभाष चंद द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, मथुरा शाखा के शाखा प्रबंधक श्री कुंवर राणा रणवीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही कंपनी के अधिकारी श्री नरेश कुमार एवं श्री अशोक कुमार, ई-स्टाम्प विक्रेता (E-Stamp Vendors) तथा अधिवक्तागण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि हेल्पडेस्क काउंटर के माध्यम से आमजन को ₹500 तक के वास्तविक मूल्य (Actual Amount) के लघु मूल्यवर्ग के ई-स्टाम्प तत्काल उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त ई-स्टाम्प विक्रेताओं को ई-स्टाम्पिंग से संबंधित तकनीकी एवं संचालन संबंधी समस्याओं के समाधान, मार्गदर्शन तथा विभिन्न स्तरों पर आवश्यक सहायता भी प्रदान की जाएगी।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उप निबंधक श्री सुभाष चंद ने कहा कि इस हेल्पडेस्क की स्थापना से आम नागरिकों को छोटी राशि के ई-स्टाम्प प्राप्त करने में सुविधा होगी तथा ई-स्टाम्पिंग व्यवस्था और अधिक पारदर्शी, सुगम एवं प्रभावी बनेगी।